नई दिल्ली (महामीडिया) नौ तपों की प्रचंडता के बीच देश की राजधानी दिल्ली सहित कई राज्य भीषण लू की चपेट में हैं। इन राज्यों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार जारी है। राजस्थान में गर्मी चरम पर है तो वहीं दक्षिण भारत के आंध्र और तेलंगाना में भी लू का कहर जारी है। तेलंगाना, ओडिशा और हरियाणा, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश समेत कई जगहों पर रिकॉर्ड तापमान दर्ज किया गया। दिल्ली में मौसम विभाग ने बुधवार को येलो अलर्ट और अगले तीन दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आंध्र प्रदेश में गर्मी और लू से अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है तो वहीं तेलंगाना में गर्मी और लू के कहर से अब तक 40 लोगों के जान गवांने की जानकारी सामने आई है। मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान की ओर से आ रही गर्म हवाओं ने मध्य प्रदेश में गर्मी और बढ़ा दी है। फिलहाल गर्मी से राज्य को छुटकारा नहीं मिलने वाला। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्से लू की चपेट में रहे. सबसे गर्म खजुराहो रहा, जहां तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।