मनीला (महामीडिया) 20वीं सदी में फिलीपींस में पर्यावरण को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा है। फिलीपींस का वन क्षेत्र 70% से 20% तक सिमट गया। अब यहां की सरकार ने कड़ा फैसला लेते हुये फिर से पर्यावरण का हरा-भरा करने की ठान ली है। फिलीपींस में नया कानून बनाया गया है, इसमें ग्रेजुएशन पूरा करने से पहले छात्रों के लिए कम से कम 10 पौधे लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। फिलीपींस की मैग्डलो पार्टी के नेता गैरी अलेजनो की इस कानून को तैयार करने में अहम भूमिका रही। उनका कहना है कि सब कुछ ठीक रहा तो एक पीढ़ी करीब 525 अरब पौधे लगाएगी। जितने पौधे लगाए जाते हैं, उनमें 10% ही जीवित रह पाते हैं। यानी अगली पीढ़ी के लिए 52.5 करोड़ पौधे उपलब्ध होंगे। अलेजनो के अनुसार, फिलीपींस में हर साल तकरीबन 1 करोड़ 75 लाख छात्र अलग-अलग डिविजन की क्लास पास करते हैं। इनमें 1 करोड़ 20 लाख एलिमेंट्री क्लासेज से पास होते हैं। जबकि 50 लाख हाईस्कूल से और 5 लाख कॉलेजों से ग्रेजुएट होते हैं। इन सभी को मिलाकर देखा जाए तो नए कानून के मुताबिक हर साल 17.5 करोड़ पौधे लगाए जा सकते हैं। कानून को लागू करने का जिम्मा देश के शिक्षा विभाग के साथ उच्च शिक्षा आयोग को दिया गया है। कानून बनाने का ध्येय ग्लोबल वार्मिंग से निपटने के साथ आने वाली पीढ़ी को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना भी है।