नई दिल्ली (महामीडिया) भारतीय महिला शूटर यशस्विनी सिंह देसवाल ने ब्राजील में शनिवार देर रात आईएसएसफ वर्ल्ड कप में 10 मीटर एयर पिस्टल में स्वर्ण पदक जीत लिया। उन्होंने फाइनल में 2004 की ओलिंपिक चैम्पियन यूक्रेन की ओलेना कोस्तेविच को हराया। यशस्विनी इस स्वर्ण के साथ ओलिंपिक कोटा हासिल करने वाली देश की 9वीं शूटर बन गईं। इससे पहले अंजुम मौद्गिल, अपूर्वी चंदेला, सौरभ चौधरी, अभिषेक वर्मा, दिव्यांश सिंह, राही सरनोबत, संजीव राजपूत और मनु भाकर ने ओलिंपिक कोटा हासिल किया था। भारत इस वर्ल्ड कप में तीन स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य के साथ अंक तालिका में पहले स्थान पर है। यशस्विनी से पहले अभिषेक वर्मा और महिला शूटर इलावेनिल वालारिवान ने इस वर्ल्ड कप में स्वर्ण अपने नाम किया था।