
महर्षि जी का जन्मोत्सव महर्षि ज्ञान युग दिवस के रूप में मनाया जायेगा
भोपाल (महामीडिया) महर्षि महेश योगी जी का जन्म दिवस महर्षि ज्ञान युग दिवस के रूप में मनाया जायेगा। यह दो दिवसीय कार्यक्रम ग्यारह एवं बारह जनवरी को रखा गया है। कार्यक्रम के प्रथम दिवस ग्यारह जनवरी को प्रातः नौ बजे से 12:30 बजे तक श्री विष्णु पूजन एवं 251 श्री विष्णु सहस्रनाम का पाठ होगा। दोपहर 2:30 बजे से सायं 5:30 बजे तक श्री महारूद्राभिषेक यज्ञ का आयोजन होगा।
विश्व के महान चेतना वैज्ञानिक परम पूज्य महर्षि महेश योगी जी भारत के प्रथम संत थे जिन्होंने अपने जीवन के 50 वर्ष प्राचीन भारतीय वैदिक ज्ञान को बहुत ही सरल एवं वैज्ञानिक पद्धति से पूरे विश्व परिवार को समर्पित किया था। महर्षि जी ने हमें भावातीत ध्यान की एक सरल, प्राकृतिक और सहज तकनीक प्रदान की है। जिससे चेतना की उच्चतम अवस्था ब्रह्म चेतना को प्राप्त किया जा सकता है। उन्हीं के प्रयासों से बीसवीं शताब्दी के उत्तरार्ध में मानवता को आशा, उत्साह और सकारात्मकता की सुगंध से विभोर किया था। उनका जन्म उत्सव प्रतिवर्ष 12 जनवरी को महर्षि ज्ञान युग दिवस के रूप में मनाया जाता है।
कार्यक्रम के द्वितीय दिवस 12 जनवरी को "विश्व शांति की स्थापना में साहित्य की भूमिका" विषय पर संगोष्ठी का आयोजन होगा। जिसके मुख्य वक्ता महर्षि महेश योगी वैदिक विश्वविद्यालय के कुलाधिपति एवं महर्षि विद्या मंदिर विद्यालय समूह के अध्यक्ष ब्रह्मचारी गिरीश जी होंगे।
इस संगोष्ठी में पद्मश्री प्रो. अभिराज राजेन्द्र मिश्र, वरिष्ठ साहित्यकार, लेखक एवं कवि मनोज कुमार श्रीवास्तव, वरिष्ठ साहित्यकार एवं शिक्षाविद् प्रोफेसर सदाशिव द्विवेदी, वरिष्ठ साहित्यकार एवं शिक्षाविद् प्रोफेसर संजय द्विवेदी, साहित्यकार आलोक त्यागी, प्राध्यापक आचार्य निलिम्प त्रिपाठी सहभागिता करेंगे एवं अपने विचार साझा करेंगे ।
दोपहर साढ़े तीन बजे से सायं पांच बजे तक महर्षि विद्या मंदिर विद्यालय समूह के शिक्षक, शिक्षिकायें एवं विद्यार्थी भजन की प्रस्तुति देंगे।
इस कार्यक्रम का आनलाईन प्रसारण रामराज टीवी के बेबसाईट, यू ट्यूब एवं फेस बुक चैनल पर किया जाएगा। जिसमें शामिल होने के लिए निम्न लिंक पर लागईन किया जा सकेगा-
website http://www.ramrajtv.com
YouTube: http://www.youtube.com /c/Ramrajtv
Facebook: http://www.facebook.com/1Ramrajtv